उधमपुर। जिले में कोरोना का कहर जारी है। शनिवार को संक्रमण से दो महिलाओं की मौत हो गई है। वहीं, डीसी कार्यालय के सात कर्मचारियों समेत जिले में संक्रमण के 141 नए मामले मिले हैं। जिले में मौजूदा समय में 724 मामले सक्रिय हैं और मरने वालों का आंकड़ा 66 पहुंच गया है। बढ़ते मामलों के चलते जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
जिला में कोरोना संक्रमण का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जितनी ज्यादा टैस्टिंग की जा रही है उतने ही अधिक नए मामले सामने आ रहे हैं। कोरोना कर्फ्यू जैसी तमाम पाबंदियों के बावजूद जिले में कोरोना संक्रमण का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को उधमपुर शहर सहित रामनगर में कोरोना संक्रमण से दो महिलाओं की मौत हो गई है। वहीं, डीसी कार्यालय के सात कर्मचारियों सहित 141 नए मामले मिले हैं। इस कारण संक्रमण का आंकड़ा 6193 हो गया हैं, जिनमें से 5404 लोग कोरोना को मात देने चुके हैं।
बीते तीन दिनों के भीतर कोरोना संक्रमण के नए मामलें सामने आने में काफी बढ़ोतरी हुई है। वीरवार को जिले में 128 संक्रमण के मामले सामने आए थे, जिसके बाद प्रशासन ने कोरोना कर्फ्यू के बीच किराना दुकानों को भी बंद कर दिया था। दूसरे दिन शुक्रवार को 125 मामले सामने आए थे। अब लगातार तीसरे दिन 141 नए मामले सामने आए हैं। इनमें डीसी कार्यालय के 7 कर्मचारी भी शामिल हैं। लगातार भयावह हो रही स्थिति के बीच कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या भी बढ़ने लगी है। वीरवार को दो लोगों की मौत हो गई थी, वहीं अब तीसरे दिन शनिवार को भी दो और महिलाओं की मौत हुई है। इससे कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा भी बढ़ने लगा है।