अमर उजाला ब्यूरो उधमपुर। ट्रेन व बसों का सफर कर बाहरी राज्यों से लोगों के लौटने के साथ ही अब उधमपुर में कोरोना पॉजिटिव दिन प्रतिदिन मामले बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को दो सीआरपीएफ के जवान कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक हरियाणा से छुट्टी पर उधमपुर में अपने घर आया था। जबकि दूसरा दिल्ली से छुट्टी पर घर लौटा था। इसी के साथ उधमपुर के कोरोना पॉजिटिव मामलों की संख्या 37 हो गई है। हर रोज सैंकड़ों की संख्या में लोग बस व ट्रेन का सफर कर उधमपुर में अपने घरों में लौट रहे हैं। इन सबके उधमपुर और जम्मू में कोरोना टेस्ट करवाए जा रहे हैं और सबको 14 दिन के लिए क्वारंटीन पर रखा जा रहा है। रविवार को भी दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे और सूचना मिलते ही इनको क्वारंटीर सेंटर से आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया था। सोमवार को भी दो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। पहला मामला सीआरपीएफ जवान का सामने आया है। सीआरपीएफ का जवान 22 मई को हरियाणा से जम्मू में पहुंचा था। जिला उधमपुर के पंचैरी तहसील के मीर गांव का रहने वाला है। जवान हरियाणा से ट्रेन का सफर कर छुट्टी पर घर आया था। जम्मू रेलवे स्टेशन पर उसका कोरोना टेस्ट किया गया था और इसके बाद जवान को बीएसएफ कैंप जगानू में क्वारंटीन कर लिया गया था। सोमवार सुबह जवान की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दूसरा जवान दिल्ली से उधमपुर में अपने घर छुट्टी पर लौटा था। जवान शहर के साथ लगते लौंडना गांव का रहने वाला है। कुछ दिन पहले ही यह जवान भी दिल्ली से उधमपुर पहुंचा था। जवान ने ट्रेन से जम्मू तक सफर कर दिया था और जम्मू पहुंचने जवान का कोरोना टेस्ट रेलवे स्टेेशन किया गया था। उधमपुर पहुंचने पर इसको सरकारी महिला कालेज में क्वारंटीन कर लिया गया था। दोपहर के समय इसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। दोनों जवानों को बन तालाब जम्मू स्थित सीआरपीएफ के हेडर्क्वाटर भेज दिया गया है। इसी के साथ जिला उधमपुर में कुल 37 कोरोना पॉजिटिव मामले हो गए हैं। इनमें से 21 लोग स्वस्थ होकर घर लौट गए हैं। एक महिला की मौत हो चुकी है और 15 लोगों का उपचार उधमपुर और जम्मू में चल रहा है।