उधमपुर। सेरीकल्चर कार्यालय में चल रही कोकून मंडी में इस बार आठ दिन के अंदर ही दो करोड़ की कोकून बिक गई है। पहली बार मंडी में आठ दिन के अंदर रिकॉर्ड दो करोड़ की कोकून बिकी है। इसका बड़ा कारण इस बार कोकून के अच्छे दाम मिलना है। कोकून के अच्छे दाम मिलने के बाद कीट पालक भी मुस्कुराते हुए घरों को लौट रहे हैं। बुधवार को करीब 23 लाख रुपये की कोकून बेची गई है।
सेरीकल्चर कार्यालय में सात जुलाई को कोकून मंडी शुरू हुई थी और पहले ही दिन 100 से अधिक कीट पालकों ने एक दिन में 20 लाख रुपये से अधिक की कोकून बेची थी। इसके बाद कोकून में कीट पालकों और कोकून के दाम बढ़ते चले और आठ दिन के अंदर करीब दो करोड़ की कोकून बिक चुकी है। कोकून खरीदने के लिए भी बंगाल, कनार्टक के व्यापारी मंडी में पहुंचे हुए है। बुधवार को 240 कीट पालकों ने करीब 2400 कोकून बेची और इसकी कीमत करीब 23 लाख रुपये है। मंडी में कोकून का औसतन 858 रुपये प्रति किलो मिल रहा है।
आठ दिन में 1500 के करीब कीट पालकों ने करीब 65000 किलो कोकून बेच दी है और अभी तक कीट पालकों को इसके दो करोड़ मिल चुके हैं। इस बार मंडी में किसी भी कीट पालक ने दाम को लेकर विरोध नहीं किया है और न ही मंडी में किसी तरह का विवाद नजर आया है। मंडी के अंदर एसओपी का पालन करवाने के लिए एसडीआरएफ के सदस्यों को नियुक्त किया गया है। कीट पालकों को मास्क व सैनिटाइजर की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है। सेरीकल्चर विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि इस बार मंडी में कोकून के दाम मिलने का नया रिकार्ड बनने की संभावना बनी है।