जम्मू संभाग के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सनासर में तैयार ट्यूलिप गार्डन। संवाद
- फूल खिलना शुरू हुए, 40 कनाल भूमि में लगाए गए हैं डेढ़ लाख बल्ब
चिनैनी। 25 अलग-अलग ट्यूलिप बल्बों के साथ सनासर ट्यूलिप गार्डन अप्रैल के पहले सप्ताह में खुलने की उम्मीद है। श्रीनगर में 26 मार्च को ट्यूलिप गार्डन को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा। उसी तर्ज पर जम्मू संभाग के विकसित पर्यटन स्थल सनासर में भी बीते कुछ वर्षों से ट्यूलिप गार्डन बनाया गया है।
यहां हर वर्ष ट्यूलिप बल्ब लगाए जाते हैं। हर वर्ष इनकी संख्या को बढ़ाया जा रहा है। बता दें कि पिछले वर्ष भी करीब 30 से 35 कनाल भूमि पर करीब एक लाख तीस हजार के करीब ट्यूलिप लगाए गए थे जबकि इस बार 25 अलग-अलग किस्मों के करीब डेढ़ लाख बल्ब 40 कनाल भूमि पर लगाए गए हैं। जिनके फूल खिलना शुरू हो गए है और अप्रैल की शुरुआत में गार्डन को आम लोगों के लिए खोले जाने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष सनासर गार्डन में करीब डेढ़ लाख से ज्यादा सैलानी गार्डन का अवलोकन करने पहुंचे थे, जिनमें विदेशी सैलानियों की भी उपस्थिती दर्ज की गई थी । इस बार फ्लोरीकल्चर विभाग की और से गार्डन को खोलने की तैयारियां की जा रही है। विभाग के अधिकारी अर्जुन सिंह परिहार ने बताया कि सनासर में फूल खिलना शुरू हो गए है उम्मीद है अगले माह के पहले सप्ताह में गार्डन खुल जाएगा।