उधमपुर। रामबन के विभिन्न हिस्सों में मरम्मत के कार्य के चलते बुधवार को एक बार फिर से राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही को पूरी तरह से बंद रखा गया। उधमपुर और रामबन में रोके गए वाहनों की लंबी कतार लगी रही। पटनीटॉप, डोडा, भद्रवाह जाने वाले वाहनों को रोक कर पूछताछ के बाद ही घाटी जाने की अनुमति मिली। दिनभर रोके जाने के कारण उसम भरी गर्मी से चालकों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि सोमवार देर रात को पस्सियां गिरने पर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब दस घंटे तक बंद रहा था और मंगलवार सुबह आठ बजे राजमार्ग के खुलने पर बड़े वाहनों को श्रीनगर से जम्मू के लिए रवाना किया गया था। ट्रकों को पुलिस ने सोमवार रात को ही रोक दिया था। इनको बुधवार को मरम्म के चलते राजमार्ग बंद रहने के कारण तीसरे दिन भी घाटी जाने की अनुमति नहीं मिली। बुधवार सुबह छह बजे के बाद छोटे वाहनों के भी घाटी की तरफ जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। इसके बाद उधमपुर में रोके गए वाहनों की कतार बढ़ती चली गई।
जखैनी के साथ भारत नगर, रठियान, गरनई, बट्टल बालियां, मांड व अन्य कई इलाकों में सैकड़ों ट्रकों को रोका गया है। राजमार्ग के बंद होने की सूचना होने पर यात्री वाहन कम चल रहे हैं, इसलिए उधमपुर में यात्री वाहन कम रोके गए थे। जखैनी में पुलिस हर वाहन को रोक कर चालक से पूछताछ कर रही थी। पटनीटॉप, किश्तवाड़, भद्रवाह, डोडा, किश्तवाड़, चिनैनी व अन्य रूट पर जाने वाले वाहन पहुंचे तो पुलिस ने चालक से पूछताछ व कागजात की जांच करने के बाद आगे जाने की अनुमति दी। होटल में बुकिंग होने पर ही पटनीटॉप जाने वाले यात्रियों को अनुमति मिली। बारिश नहीं होने पर दिन भर उसम भरी गर्मी का प्रकोप बना रहा और इसके कारण यात्रियों और चालकों को दिन भर परेशानियों का सामना करना पड़ा।