जम्मू श्रीनगर हाईवे पर मंगलवार तड़के एक ट्रक अनियंत्रित होकर बिरमा पुल से नाले में गिर गया। इससे ट्रक में सवार चालक और कंडक्टर घायल हो गए। वहीं, कटड़ा दोमेल चौक पर भी पेट्रोल से भरा एक टैंकर पलट गया।
उससे सारा तेल सड़क पर बह गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह संजय कुमार और सुरेश कुमार निवासी कालाकोट आटे की बोरियों से भरे ट्रक को लेकर उधमपुर की तरफ जा रहे थे।
अचानक बिरमा पुल पर ट्रक अनियंत्रित हो गया और रेलिंग तोड़कर वह नाले में चला गया। इस हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए। उसमें लादी गई आटे की बोरियां बिखर गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मजदूर लगाकर आटे की बोरियों को दूसरे ट्रक में डाला। बताया जा रहा है ट्रक की गति तेज थी। इस हादसे में सुरेश और संजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को पहले जिला अस्पताल लाया गया। वहां से डाक्टरों ने उन्हें जम्मू रेफर कर दिया। उधर, मंगलवार दोपहर को कटड़ा दोमेल चौक पर भी भारत पेट्रोलियम का टैंकर पलट गया।
मोड़ और ढलान के कारण टैंकर पलट गया। पलटने से उसके पीछे का लॉक टूट गया और टैंकर से पेट्रोल बाहर गिरने लगा। ज्वलंत पदार्थ होने के कारण पुलिस भी मौके पर पहुंची और एहतियात बरती।
पेट्रोल निकलने के कारण आसपास मौजूद कई गाड़ियों, मेटाडोर, कार चालकों ने पेट्रोल को डिब्बों में भरकर ले गए। पुलिस ने आसपास क्षेत्र की दुकानों के चूल्हे और आग जैसी कोई भी चीज जलाने से मना कर दिया।
कई लीटर पेट्रोल नालियों में बह गया। इस हादसे में ड्राइवर घायल हो गया। उसे सीधा जम्मू के मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया।