राष्ट्रीय राजमार्ग की खस्ता हालत शहर के लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। इस पर बने छोटे गड्ढे अब और बड़े हो गए हैं। दो पहिया वाहन चालक इन गड्ढों में आए दिन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
इससे जाम की समस्या भी सामने आ रही है। ग्रेफ औपचारिकता पूरी करने के लिए गड्ढों को सिर्फ मिट्टी डाल कर भरने का काम कर रहा है।
सप्लाई मोड़ से लेकर जखैनी तक राष्ट्रीय राजमार्ग का करीब पांच किलोमीटर हिस्सा शहर से होकर गुजरता है। हर रोज हजारों की संख्या में छोटे बड़े वाहन इस राजमार्ग से होकर गुजरते हैं।
रखरखाव के अभाव में कुछ महीने से इसकी हालत बहुत ज्यादा खस्ता है। राजमार्ग पर छोटे गड्ढे पर छोटे तालाब का रूप लेने लगे हैं। शहर के दोमेल, कब्रिस्तान के नजदीक, एमएच चौक, दोमेल जखैनी इलाके में राजमार्ग की हालत बहुत ज्यादा खराब हो चुकी है।
हालत इतनी ज्यादा खराब है कि राजमार्ग के किनारे पर लोगों के पैदल चलने के लिए भी स्थान नहीं बचा है। बारिश के दौरान जब कोई दो पहिया वाहन इनके अंदर से होकर गुजरता है तो संतुलन खोने पर दुर्घटना का शिकार हो रहा है।
वहीं बदहाल राजमार्ग पर हर रोज जाम की स्थिति भी बन रही है। जिन स्थानों पर बड़े बड़े गड्ढे बन रहे हैं, वहां किनारे पर स्थित दुकानों का काम भी प्रभावित हो रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि ग्रेफ के पास इनकी पूरी जानकारी मौजूद है। औपचारिकता पूरी करने के लिए ग्रेफ सिर्फ मिट्टी के मलबे से गड्ढों को भरने का काम कर रहा है, जबकि इसको गंभीरता से लेकर कोई जरूरी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।