उधमपुर। कश्मीर में सरकारी शिक्षकों की निर्मम हत्या के विरोध में शुक्रवार शाम को सरकारी स्कूल के शिक्षकों ने शहर के अंदर कैंडल मार्च निकाला। कैंडल मार्च निकाल कर मारे गए शिक्षकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और सरकार से अपील की गई कि हत्या करने वाले आतंकियों को जल्द पकड़ कर कार्रवाई की जाए।
शाम करीब छह बजे विभिन्न सरकारी स्कूलों से शिक्षक ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल में एकत्र हुआ, जहां से सभी ने हाथों में मोमबत्तियां थाम कर कैंडल मार्च निकाला। विभिन्न हिस्सों से होकर कैंडल मार्च इंदिरा चौक पर पहुंच कर संपन्न हुआ, जहां सभी ने मारे गए शिक्षकों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि देने के बाद शिक्षकों ने कहा कि आतंकी हमले की सभी शिक्षक कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। किसी ने कल्पना भी नहीं की थी कि आतंकी अब शिक्षकों को भी निशाना बनाएंगे। मारे गए शिक्षकों की शहादत को कभी भुलाया नहीं जा सकते। सभी शिक्षक मारे गए शिक्षकों के परिवार के साथ खड़े हैं। सभी कैंडल मार्च निकाल कर हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं और सरकार से मांग करते हैं कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।