ओवरलोड वाहन के साथ लटक कर जाता युवक।
डोडा। जिले के सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) अबरार अहमद कृपक ने एक ओवरलोडेड टाटा मैजिक वाहन (जेके06-3857) को जब्त करते हुए चालक का लाइसेंस निलंबित किया है। यह कार्रवाई उक्त ओवरलोड वाहन की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग की ओर से की गई।
बता दें कि तस्वीर वायरल होने पर लोगों ने सार्वजनिक रूप से इस पर चिंता जताई थी। वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाई गई थीं, जिससे सड़क सुरक्षा और यात्री जीवन को खतरा था। एआरटीओ ने मामले का गंभीर संज्ञान लेते हुए तत्काल जांच करवाई। जांच के बाद वाहन को मौके पर ही जब्त कर लिया गया और चालक का लाइसेंस तीन महीने के लिए निलंबित कर दिया गया।
एआरटीओ कहा कि इस तरह की लापरवाही और कानून के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ओवरलोडिंग ना सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि यह यात्रियों की जान के साथ भी खिलवाड़ है। परिवहन विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि इस तरह की घटनाओं की जानकारी तुरंत दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। संवाद