कटड़ा। धर्मनगरी में शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट कमिश्नर विशेष पाल महाजन की अध्यक्षता में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें उपस्थित छात्रों सहित वाहन चालकों और नागरिकों ने भाग लिया।
ट्रांसपोर्ट कमिश्नर विशेष पाल महाजन ने कहा कि समाज में लोगों को जागरूक करने में छात्र अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसको लेकर छात्रों व वाहन चालकों के साथ समाज के लोगों को यातायात नियमों के पालन का पाठ पढ़ाया गया। छात्रों ने एशिया चौक से श्रीधर चौक तक जागरूकता रैली निकाली। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों को और प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर यातायात विभाग के साथ ही यातायात पुलिस, जम्मू-कश्मीर पुलिस, मोटर व्हीकल विभाग संयुक्त रूप से कार्रवाई प्रभावी ढंग से करेगा।
रैली को ट्रांसपोर्ट विशेष पाल महाजन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के दौरान छात्रों ने श्रद्धालुओं को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया। यह रैली जम्मू मार्ग से होते हुए कटड़ा के मुख्य बस स्टैंड पर श्रीधर चौक में संपन्न हुई। यहां अधिकारियों सहित छात्रों व वाहन चालकों ने यातायात नियमों का पालन करने की शपथ ली। वहीं, मुख्य बस स्टैंड के श्रीधर चौक पर यातायात विभाग ने मेडिकल कैंप का आयोजन किया, जहां पर वाहन चालकों के स्वास्थ्य के साथ ही आंखों की जांच की गई और दवाइयां के साथ ही जरूरी निर्देश दिए गए। इस मौके पर एसएसपी रियासी परमवीर सिंह, एसएसपी ट्रैफिक रोहित बसकोत्रा, आरटीओ जम्मू पंकज बगोतरा, एसडीएम पीयूष दोत्रा, तहसीलदार जितेंद्र सिंह, एसपी विपिन चंद्रन, एएसपी रियासी इफ्तिखार अहमद, एआरटीओ जम्मू मुदस्सर इकबाल, एआरटीओ रियासी नीरज शर्मा, इंस्पेक्टर मोटर व्हीकल विभाग तुषार अंथाल, निखिल शर्मा, कटड़ा होटल व रेस्त्रां संघ के प्रधान राकेश वजीर के साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी, स्कूली छात्र, वाहन चालक और स्थानीय लोग मौजूद थे।