उधमपुर। शहर के बाजारों में बेपटरी यातायात व्यवस्था के चलते शहरवासी हर दिन गंभीर जाम लगने की समस्या से परेशान हो रहे हैं।
इससे न सिर्फ शहर में आने वाले ग्राहक परेशानी का सामना करते हैं बल्कि इस समस्या से कारोबारी वर्ग भी दिक्कत महसूस कर रहा है। शहर के सलाथिया चौक से लेकर कोर्ट रोड, रामनगर चौक, हास्पिटल रोड, मुखर्जी बाजार, गोल मार्केट, मेन बाजार, चबूतरा बाजार, सैलां तालाब चौक, वीनस चौक, हाउसिंग काॅलोनी चौक आदि जगहों पर शहरवासियों को हर दिन गंभीर जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
इनके मुख्य कारणों में शहर में पार्किंग की उचित व्यवस्था नहीं होना, बाजारों की सड़कों पर अवैध रेहड़ियों की भरमार होना, चौपहिया वाहनों की बरोकटोक आवाजाही और शहर के मुख्य चौक चौराहों पर भी ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती का नहीं होना है।
वहीं इसको लेकर शहरवासियों का कहना है कि बाजार की सड़कें पहले ही तंग हैं। ऐसे में एक तरफ से इनके किनारों पर अवैध रेहड़ियों की भरमार लगी रहती है। दूसरा बाजारों में जब चौपहिया वाहन प्रवेश करते हैं तो परेशानी पैदा हो जाती है। जाम के चलते जरूरी कामों के लिए जाते वक्त देरी हो जाती है। इसके अलावा जिला अस्पताल की तरफ जाने वाले बीमार लोगों को जाम में फंसने से अधिक परेशानी पेश अाती है। समस्या के समाधान के लिए शहर में दो मल्टी-स्टोरी पार्किंग का निर्माण भी शुरू किया गया है। इसे गर्मी के पीक सीजन तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
फिलहाल शहर में बढ़ते ट्रैफिक को संभालने के लिए ट्रैफिक सिग्नल और ट्रैफिक कर्मियों
की कमी काफी महसूस की जा
रही है।