उधमपुर। दोपहर के समय मूसलाधार बारिश होने पर नगरवासियों को गर्मी से काफी राहत मिली। बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया और शहरवासियों ने घरों से बाहर निकल कर मौसम का आनंद उठाया। हालांकि बारिश के दौरान कुछ क्षेत्रों में जलभराव होने से लोगों को दिक्कताें का सामना भी करना पड़ा। इससे पहले सुबह मौसम साफ था और तेज धूप निकलने पर तापमान में भी बढ़ोतरी हो रही थी।
लेकिन दोपहर को करीब तीन बजे अचानक से मौसम का मिजाज बदल गया और बादल छा गए। कुछ समय के बाद तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक शहर व आसपास के इलाकों में मुसलाधार बारिश हुई। तेज बारिश बंद होने के बाद भी शाम तक रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी होती रही। इससे गर्मी से राहत मिलने के साथ ही मौसम काफी सुहाना हो गया। जिससे गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली। हालांकि बारिश के चलते नगर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या पेश आने से लोगों को परेशानी भी उठानी पड़ी।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से मौसम साफ बना हुआ था। इससे उमस व गर्मी का असर भी काफी बढ गया था और लोग गर्मी से बेहाल होने को मजबूर हो रहे थे। बुधवार को भी सुबह की शुरूआत में मौसम साफ था और तेज धूप निकली हुई थी। लेकिन दोपहर के समय तेज बारिश होने पर मौसम सुहावना हो गया। इससे गर्मी से परेशान लोगों को काफी राहत मिली।