पैंथल ब्लॉक की सिड़ा कॉलोनी में निकाली तिरंगा यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। धर्मनगरी के पैथल ब्लॉक की सिड़ा कॉलोनी में रविवार को तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें शामिल लोग देशभक्ति से ओतप्रोत रहे। इस दौरान हर तरफ भारत माता की जय, भारतीय सेना की जय और भारतीय जांबाज जवानों के जयघोष गूंजते नजर आए।
रैली की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रोहित दुबे ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की शौर्य गाथा देशभर में गूंज रही है। इस सफलता पर हर कोई अपने आप को गौरवान्वित महसूस कर रहा है। तिरंगा यात्रा आयोजन करने का मुख्य मकसद लोगों को ऑपरेशन सिंदूर की शौर्य गाथा बताना था।
दुबे ने कहा कि भारतीय सेना और सुरक्षा बलों ने मात्र चार दिन में ही पाकिस्तान का घमंड चकनाचूर कर उसे घुटनों पर ला दिया। दुबे ने कहा कि आतंकवाद की नर्सरी पाकिस्तान को कड़ा सबक सिखाना बहुत ही जरूरी था क्योंकि पाकिस्तान आतंकवाद को बढ़ावा दे रहा है जिससे देश में कई निर्दोष लोग शिकार हो रहे हैं।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले से पूरा देश क्रोध में था। इसलिए भारतीय सेना और सुरक्षा बलों ने अपना रौद्र रूप दिखाते हुए पाकिस्तान को उसकी औकात बता दी।
दुबे ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर अभी समाप्त नहीं हुआ है बल्कि स्थगित रखा गया है। अगर भविष्य में पाकिस्तान ने किसी तरह की हिमाकत की तो पाकिस्तान को भारी भरकम कीमत चुकानी पड़ेगी। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष प्रभात सिंह मंगली, कटड़ा मंडल प्रधान सोहन लाल महामंत्री रमन सिंह, जिला सचिव बबलू दुबे, डीडीसी राजेंद्र मेंगी, कटड़ा ऑटो यूनियन के प्रधान शंकर सिंह, बलबीर सिंह आदि मौजूद थे।