नशा मुक्ति अभियान के तहत : एम्स क्रिकेट अकादमी उधमपुर को 5 विकेट से हराया
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा/रियासी। जिला पुलिस की ओर से नशा मुक्ति अभियान के तहत आयोजित अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स अकादमी कटड़ा ने एम्स क्रिकेट अकादमी उधमपुर को रोमांचक मुकाबले में 5 विकेट से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एम्स क्रिकेट अकादमी उधमपुर ने निर्धारित ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए। टीम की ओर से अतरव ने 54 रन, जोशी ने 69 और कीरत ने 10 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में सफल नहीं हो सके। स्पोर्ट्स अकादमी कटड़ा की ओर से रोनित, कर्णव ने एक-एक विकेट हासिल किया जबकि तीन बल्लेबाज रन आउट हुए।
180 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्पोर्ट्स अकादमी कटड़ा की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विवांस ने 9 रन बनाए जबकि विराट ने 26 गेंदों में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 36 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। कर्णव ने 37 गेंदों में छह चौकों की सहायता से 42 रन बनाए। आदित्य ने भी उपयोगी योगदान देते हुए 30 रन जोड़े। सुधांशु 8 रन बनाकर नाबाद रहे।
मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा। आखिरी ओवर में टीम को जीत के लिए 12 रन की जरूरत थी। ऐसे में ऋषभ ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए दबाव की स्थिति में महत्वपूर्ण रन बनाए और अपनी टीम को जीत दिलाई। उनकी शानदार पारी की बदौलत स्पोर्ट्स अकादमी कटड़ा ने 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर मैच अपने नाम कर लिया।
ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कर्णव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने 42 रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी एक विकेट हासिल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच का शुभारंभ डीएसपी कटड़ा भीष्म दुबे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है।