श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय के आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय चोरों के एक गिरोह को दबोचने में पुलिस ने सफलता हासिल की है।
मात्र तीन महीने में की गई तीन बड़ी चोरियों के मामले में कुछ हद तक माल की बरामदगी भी की गई है। अन्य वारदातों को लेकर पकड़े गए तीन चोरों से पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार हाल ही में विश्वविद्यालय परिसर में एक स्टाफ क्वार्टर से चोरी की तहकीकात करते हुए पुलिस ने प्रीतम निवासी संगलदान, पवन निवासी सीरा कोटला और काका राम निवासी धीरथी को गिरफ्तार किया।
उनसे हुई पूछताछ में दो अन्य चोरी की वारदातों का भी खुलासा संभव हो सका। चोरों के पास से दो गैस सिलेंडर, सोने के गहने, दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं।
जबकि 25 हजार के करीब नकदी चोर खर्च कर चुके थे। इस संबंध में एएसपी कटड़ा सुमीत कोतवाल ने बताया कि पुख्ता सबूत मिलने के बाद ही चोरों की गिरफ्तारी की गई। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा उम्मीद है कि कुछ अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
मामले की जांच कर रहे कड़कयाल चौकी इंचार्ज रंजीत सिंह के अनुसार चोरों को दबोचने में उस समय कामयाबी मिली, जब वह चोरी के सामान को बिक्री करने के प्रयास में थे।