उधमपुर। जिले में बुधवार को कोई भी कोरोना संक्रमित नहीं मिला है, जबकि तीन लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। कोरोना का कोई मामला सामने नहीं आने के बाद स्वास्थ्य विभाग को बहुत ज्यादा राहत मिली है। जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार कोरोना के मामलों में कमी आ रही है और कई दिन ऐसे भी सामने आ रहे हैं, जब एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आ रहा है। जबकि कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को जिले तें तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जबकि पांच लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे थे। बुधवार को एक भी संक्रमण का मामला सामने नहीं आया है, जबकि तीन लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11378 हो गए हैं। इनमें से 11228 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 137 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 13 सक्रिय मामले बचे हैं।