उधमपुर। शहर के जखैनी इलाके से पुलिस ने सोमवार को एक ट्रक से 30 किलो भुक्की बरामद की। जब ट्रक के चालक से पूछताछ की तो उसने भुक्की खरीदने वाले व्यक्ति की जानकारी दी। पुलिस ने जब भुक्की खरीदने वाले व्यक्ति को पकड़ा तो उसके पास से 159500 रुपये की नकद राशि बरामद की है। पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिछले कुछ दिनों से पुलिस नशीली वस्तुओं की तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। घाटी से जम्मू जाने वाले वाहनों से लगातार नशीले पदार्थ बरामद किए जा रहे हैं। सोमवार को पुलिस ने घाटी से जम्मू की तरफ जा रहे ट्रक नंबर जेके16-0798 को तलाशी के लिए रोका। जब ट्रक की तलाशी ली तो अंदर बोरियों में रखी गई 30 किलो भुक्की बरामद की। पुलिस ने उसी समय ट्रक के चालक रयाज अहमद मलिक निवासी यारीपोरा, कुलगाम और मुद्दसर अहमद निवासी गांदीपोरा, अनंतनाग को तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
जब पुलिस स्टेशन ले जाकर दोनों से पूछताछ की गई तो दोनों ने बताया कि वह भुक्की की खेप को अजय शर्मा निवासी मंथल टिकरी के पास ले जा रहे थे। इसके बाद पुलिस ने अजय कुमार के पास जाकर छापेमारी की तो उसके पास से 159500 रुपये की नकदी बरामद की। जांच में पता चला है कि अजय कुमार लंबे समय से भुक्की की तस्करी में संलिप्त था।