किश्तवाड़। पुलिस ने दो अलग-अलग अभियान के दौरान नशा तस्करी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 14 ग्राम हेरोइन और 24,800 नकद बरामद किए हैं।
20 अक्तूबर को थाना किश्तवाड़ की टीम एसआई लाल हुसैन की अगुवाई में संवेदनशील इलाकों में गश्त पर थी। इस दौरान चौगान मैदान के पास दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद इक़बाल खांडे, मोहम्मद यासीन खांडे हैं। दोनों केशवान, वर्तमान निवासी शक्तिनगर किश्तवाड़ हैं। इनके पास से 8 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। तड़के करीब 4:50 बजे पुलिस पोस्ट शालीमार की टीम ने पीएसआई सोफी अशरफ की अगुवाई में मलिपेठ क्षेत्र से एक और को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान अजाज़ अहमद खांडे निवासी ठाकराई, वर्तमान निवासी गिरीनगर किश्तवाड़ के रूप में हुई। इसके पास से 5.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी कई मामलों में लिप्त रहे हैं। पुलिस अब इन मामलों की गहराई से जांच कर रही है ताकि नेटवर्क के स्रोत और सहयोगियों का पता लगाया जा सके।
एसएसपी नरेश कुमार ने कहा कि पुलिस समाज से नशे की इस बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है। जो भी व्यक्ति इसमें शामिल पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।