उधमपुर। पाबंदियां हटने के बाद से जहां देविकानगरी में हालात सामान्य हो रहे हैं, वहीं, दिनोंदिन शहर पहुंचने वाले लोगों की संख्या में उछाल आने लगा है। लोग और दुकानदार कोविड एसओपी को दरकिनार कर रहे हैं, जिससे एक बार फिर से चिंता बढ़ने लगी है। अन्य दिनों के मुकाबले वीरवार को बाजारों में अत्याधिक भीड़ रही।
सुबह से लेकर शाम को सात बजे तक नगर के सभी बाजार ग्राहकों से गुलजार रहे। इससे जहां कारोबारी खुश नजर आए, लेकिन कोविड एसओपी की जगह-जगह धज्जियां उड़ती नजर आईं। जगह-जगह लोग भीड़ का हिस्सा बन कर खरीदारी करते नजर आए। इसके अलावा कुछ दुकानों के अंदर व बाहर भी काफी भीड़ जुटी रही। विशेषतौर पर नगर के मुखर्जी बाजार और कोर्ट रोड में बर्तन, चप्पल, कपड़ों, मनियारी और फल-सब्जी व सेल लगाने वाली रेहडी-फड़ियों पर नियमों को नजरअंदाज किया गया।
गौरतलब है कि उधमपुर में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के बाद पाबंदियों को काफी हद तक खत्म कर दिया गया है।
बाजारों में सुबह सात से लेकर शाम सात बजे तक दुकानें खोली जा रही हैं। इससे शहर व ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। हालांकि प्रशासन की ओर से सभी से एहतियात बरतने के सख्त दिशानिर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन लोग नियमों की अनदेखी कर भीड़ का हिस्सा बनकर खरीदारी कर रहे हैं।