नगर के पाश इलाके हाउसिंग कालोनी में एक बार फिर से चोरों ने दो दुकानों को अपना निशाना बनाया। एक दुकान में सेंध लगाकर नकदी उड़ा ली। जबकि अन्य दुकान के ताले तोड़ दिए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर रात को चोरों ने हाउसिंग कालोनी क्षेत्र में एक बार फिर से दस्तक देते हुए मल्होत्रा जनरल स्टोर को निशाना बनाया। चोरों ने दुकान के गल्ले में रखी नकदी को चुरा लिया।
सुबह दुकान मालिक दुकान खोलने के लिए आया तो उसने दुकान के ताले टूटे देखे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दुकान से खाने पीने का सामान भी चोरी हो गया था। पुलिस टीम ने आकर मौके का जायजा लिया।
फारेंसिक लैब के विशेषज्ञों की टीम भी पहुंची। महत्वपूर्ण सबूत व सुराग जुटाए। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि इसी क्षेत्र में कुछ दूरी पर भी चोरों ने एक और दुकान को अपना निशाना बनाया।
दुकान के ताले टूटे हुए थे। लेकिन सेंट्रल लॉक की वजह से शटर खुल नहीं पाया। इससे चोर असफल रहे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा चोरों को पकड़ने के लिए अभियान छेड़ दिया है।