उधमपुर। शहर में सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य की निगरानी के लिए नगर परिषद की तरफ से दूसरी बार नए सिरे से कमेटी का गठन किया गया है। पहले गठित की गई कमेटी के तीन पार्षदों ने बिना किसी कारण से कमेटी से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद नगर परिषद चेयरमैन ने नई कमेटी का गठन किया है और बुधवार को यह कमेटी यूईईडी व सीवरेज विभाग के साथ बैठक कर कामकाम का ब्योरा मांगेगी।
शहर में करीब तीन वर्ष से सीवरेज पाइप लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है। तीन वर्ष से यह कार्य शहरवासियों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। यूईईडी व सीवरेज मनमर्जी से काम कर रहा है। इसी पर नकेल लगाने के लिए नगर परिषद ने करीब चार महीने पहले चार पार्षदों की कमेटी का गठन किया। इसमें पार्षद विक्रम सिंह सलाथिया को कमेटी का चेयरमैन बनाया गया और पार्षद प्रीति खजूरिया, विकास शर्मा और जगदीश कुमार को सदस्य बनाया गया है। इनकी तरफ से यूईईडी व सीवरेज विभाग के अधिकारियों के साथ कुछ बैठकें कर काम में तेजी लाने और शहरवासियों की परेशानी को दूर करने के आदेश दिए गए। इससे काम में थोड़ी तेजी भी आई, लेकिन करीब एक महीना पहले अचानक से कमेटी से प्रीति खजूरिया, जगदीश कुमार और विकास शर्मा ने इस्तीफा दे दिया और फिर कमेटी ने भी काम करना बंद कर दिया। इसके बाद सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य पर निगरानी का काम बंद हो गया और फिर से मनमाने तरीके से काम करने लगे। अब नगर परिषद चेयरमैन डा. जोगेश्वर गुप्ता ने नए सिरे से कमेटी बनाई है और इसमें चेयरमैन विक्रम सलाथिया को ही रखा गया है। लेकिन अब इसके सदस्य पार्षद पंकज प्रोच, आशा देवी और राकेश खजूरिया को बनाया गया है। चेयरमैन विक्रम सलाथिया ने बताया कि बुधवार को यूईईडी, सीवरेज और सभी ठेकेदार को बैठक के लिए बुलाया गया है। बैठक के बाद काम में तेजी लाने के दिशा निर्देश दिए जाएंगे और इनसे काम का लेखा जोखा भी भी लिया जाएगा।