खस्ताहाल सड़क की मरम्मत के लिए प्रदर्शन करते विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला
बारिश के चलते दलदल में तब्दील हुई खस्ताहाल सड़क ने विद्यार्थियों का स्कूल छुड़ा दिया है। विद्यार्थी कई दिनों से स्कूल नहीं जा पा रहे हैं। बुधवार को भी वह स्कूल नहीं पहुंच सके। इससे गुस्साए विद्यार्थियों ने शिवखोड़ी धाम के आधार शिविर रनसू में संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
रनसू के कई विद्यार्थी तरियाठ स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल और एक निजी अकादमी में पढ़ने जाते हैं। स्कूल तक पहुंचने के लिए विद्यार्थियों को रनसू से तरियाठ लिंक मार्ग पर चलने वाले वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण इस सड़क मार्ग की हालत और भी बदहाल हो गई। इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। बारिश के कारण ये और भी बड़े हो गए हैं। इनमें पानी भर गया है। पहाड़ी से मिट्टी और मलबा भी सड़क पर पड़ा हुआ है।
इसके कारण यह मार्ग वाहनों के चलने लायक नहीं रहा। ऐसी हालत में कोई भी चालक इस मार्ग पर वाहन ले जाने के लिए तैयार नहीं होता। इसके चलते विद्यार्थी स्कूलों में नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे गुस्साए विद्यार्थियों ने बुधवार को दर्शनी ड्योड़ी के बाहर प्रदर्शन किया। उन्होंने मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की।
विद्यार्थियों ने कहा कि सड़क को ठीक करने के लिए विभाग कोई कदम नहीं उठा रहा है। इससे वह पढ़ाई से वंचित हैं। मौके पर पहुंचे राजस्व और पुलिस विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि वह समस्या को जल्द हल करेंगे। इसके बाद विद्यार्थियों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।