कटड़ा का नए बस स्टैंड के साथ लगती झाड़ियों से सोमवार को एक बच्ची का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी सुजीत कुमार ने बताया कि बच्ची की पहचान संजना देवी पुत्री संजय कुमार के रूप में हुई है। संजय कसबे में कबाड़ी का काम करता है। वह यहां झुग्गी में रहता है। उन्होंने बताया कि बच्ची पिछले महीने से ही गुमशुदा थी।
पुलिस को सूचना मिली की निर्माणाधीन बस स्टैंड के करीब एक शव पड़ा हुआ है। इस सूचना पर तुरंत पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और छानबीन शुरू कर दी है। कुछ ही देर में उसकी शिनाख्त हो गई।
एसएसपी सुजीत कुमार ने बताया कि 25 जनवरी को मल्टीपर्पज स्टेडियम के साथ लगती झुग्गी से यह बच्ची गुमशुदा हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है कि उसकी मौत कैसे हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका के शरीर पर कुछ जख्म भी पाए गए हैं। इससे मामला हत्या से जुडे़ होने से इनकार नहीं किया जा सकता है।