राष्ट्रीय पक्षी मोर सहित अन्य वन्य जीवों के आवासीय क्षेत्रों पर भी प्रभाव पड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही जिले के जंगलों में आग लगने का तांडव शुरू हो गया है। वन विभाग रामनगर के अंतर्गत आने वाले ब्लॉक घोरड़ी की पंचायत हरत्यान के नारदन वन क्षेत्र के कई हिस्से बीते दिन से लगातार धधक रहे हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से वन विभाग की टीमें आग बुझाने के प्रयासों में जुटी हुई हैं, लेकिन तेज हवा के कारण आग पर पूरी तरह काबू पाने में भारी कठिनाई आ रही है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों से नारदन, रुआबाग, नाला गोड़ां, सेरबाला और हरत्यान सहित कई वन क्षेत्र आग की चपेट में आ चुके हैं। इस भीषण आग से भारी मात्रा में बहुमूल्य वन-संपदा जलकर राख हो गई है। घोरड़ी की पूर्व बीडीसी चेयरमैन आरती शर्मा ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय पक्षी मोर सहित अन्य वन्य जीवों के आवासीय क्षेत्रों पर भी प्रभाव पड़ा है। हालांकि, विभागीय अधिकारियों का दावा है कि आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन ऊपरी पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी लपटें उठ रही हैं। वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे जंगलों के पास किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें, क्योंकि छोटी सी चूक पर्यावरण और वन्य जीवों के लिए बड़ा खतरा बन सकती है।
-
जंगलों में आग की रोकथाम को लेकर सभी जरूरी कदम उठाएं गए हैं। लगातार निगरानी के साथ फील्ड कर्मचारियों को अलर्ट पर रखा गया है और स्थानीय सहयोग से आग बुझाने का काम किया जा रहा है। जनता से भी अपील है कि जंगलों में आग से बचाने में सहयोग करें। छोटी सी लापरवाही जंगल, पर्यावरण और जीव जंतुओं के लिए बड़ा खतरा बन सकती है। ऐसी कोई गलती न करें जो जंगल में आग का कारण बनें।
-
नरेश मजोत्रा, डीएफओ, वन प्रभाग रामनगर