क्षेत्र में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के साथ ही आए दिन होने वाली ओवरलोडिंग की समस्या को हल करने के लिए जिला प्रशासन ने पहला और ठोस नीति तैयार की। इसके तहत नये वाहनों को तो विभिन्न क्षेत्रों में चलने की अनुमति दी ही गई है, इसके अलावा नये परमिट भी जारी होंगे।
जिला प्रशासन ने यह फैसला पिछले महीने की 20 तारीख को ज्योतिपुरम में हुई भीषण बस दुर्घटना के बाद किया। जिला प्रशासन ने रियासी से बक्कल के लिए पांच मिनी बसों के साथ ही बसों को सवारियों की सुविधा के लिए चलाने का फैसला लिया है। इसके अलावा रियासी-पनासा के लिए तीन मिनी बसें भी चलेंगी। बताया जाता है कि इस सेवा के जारी होने के बाद ओवरलोडिंग पर लगाम लगेगी।
बसों और मिनी बसों के चलने का समय ट्रांसपोर्ट यूनियन के द्वारा निर्धारित किया जाएगा। इसके अलावा जिला प्रशासन ने श्री शिवखोड़ी धाम के आधार शिविर रनसू के लिए आटो रिक्शा चलाने के लिए छह परमिट करने का भी फैसला किया है जो कि बस अड्डा बनाने के लिए दान में दी गई जमीनों के मालिकों को दिए जाएंगे।
इसके अलावा जिले के विभिन्न हिस्सों के लिए तेरह नये परमिट जारी होंगे, जिसमें छह परमिट जांचे गए सड़क मार्गों के लिए जारी किए जाएंगे। गौरतलब है कि भीषण बस दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन ओवरलोडिंग के साथ ही पुराने तथा खटारा वाहनों को लेकर काफी सजग हो गया है। उसके बाद आने वाले दिनों में कुछ और कड़े फैसले भी लिए जा सकते हैं।