शाम के समय हुई झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। भीषण गर्मी के प्रकोप से रविवार शाम को हुई झमाझम बारिश ने काफी राहत दिलाई है। शाम पांच बजे के बाद शुरू हुई बारिश देर शाम तक जारी रही। इससे मौसम काफी सुहाना हो गया। इससे किसान वर्ग को भी काफी राहत मिली है। शहर में लोगों ने लंबे समय के बाद हुई बारिश का जमकर आनंद उठाया। खासकर बच्चे अपने घरों की छतों और बरामदों में चहकते नजर आए।
इससे पहले सुबह से ही हल्के बादलों के साथ तेज धूप निकली हुई थी और लोग प्रचंड गर्मी से बेहाल हो रहे थे। बाद में शाम चार बजे के आसपास पहले ठंडी हवाओं के चलने का सिलसिला शुरू हुआ और इसके बाद पांच के आसपास तेज बारिश शुरू हो गई।
शहरवासियों का कहना था कि बीते कई दिनों से प्रचंड गर्मी परेशान कर रही थी आज आसमान से बरसे मेघ राहत की बूंदों की तरह बरसे हैं। लंबे समय से बारिश का इंतजार था, आज इंतजार खत्म हुआ है।