उधमपुर। लाटी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत सिरा गांव में थाना दिवस कार्यक्रम करवाया गया। पुलिस अधिकारियों और लोगों ने एक मंच पर आकर जन कल्याण से जुड़े मुद्दे मिलकर सुलझाए। कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस व जनता के बीच की दूरी कम करना और आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा। लोगों ने पुलिस अधिकारियों के सामने समस्याएं और चिंताएं रखीं। कई मुद्दों का अधिकारियों ने मौके पर समाधान कियाजबकि अन्य मामलों को समयबद्ध तरीके से निपटाने का भरोसा दिलाया गया।
अधिकारियों ने जनता से नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति नशे का सेवन या तस्करी में लिप्त दिखे तो तुरंत सूचना दें। पंचायत निवासियों से कहा गया कि क्षेत्र में किसी भी तरह की परेशानी होने पर बेझिझक पुलिस से संपर्क करें। अधिकारियों ने सरकार की आपातकालीन सहायता पहल डायल 112 के बारे में भी जागरूक किया।
लोगों ने अभियान को पूरा समर्थन देने का संकल्प लिया और कहा कि समाज से नशे का जड़ से खात्मा होना चाहिए। सुखवीर सिंह और नरिंदर सिंह ने आश्वासन दिया कि पुलिस बल को और ज्यादा जनहितैषी बनाया जाएगा। जनता में जागरूकता फैलाने और बेहतर तालमेल के लिए भविष्य में ऐसे थाना दिवस कार्यक्रम लगातार करवाए जाएंगे। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच मक्खन सिंह मन्हास, अमिताभ, अख्तर, अंगराज सिंह, पवन कुमार और पूर्व नायब सरपंच जीत सिंह मौजूद रहे।