मजालता। डीडीसी अमित शर्मा ने नायब तहसीलदार, बीएमओ और पुलिस टीम ने वार्ड नंबर 5, शतराल मजालता का दौरा किया। जहां शुक्रवार 16 व्यक्तियों का कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया है। दौरे के दौरान डीडीसी ने विभिन्न स्थानों पर सार्वजनिक रूप से अपील की कि कीमती जान बचाने के लिए सरकार के द्वारा जारी उचित दिशा निर्देशों का पालन किया जाए। प्रभावित क्षेत्र को माइक्रो कन्टोनमेंट जोन घोषित करने की प्रक्रिया चल रही है।
नायब तहसीलदार मजालता ने सीमाओं को चिह्नित किया और प्रभावित क्षेत्रों में जनता को अपने घरों से बाहर न आने का निर्देश दिया। नायब तहसीलदार मजालता ने टीएसओ को प्रभावित क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जल शक्ति विभाग के कर्मचारियों को भी क्षेत्र में पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बीएमओ मजालता ने भी प्रभावित क्षेत्र में जनता को डॉक्टरों की सलाह का पालन करने की सलाह दी और किसी भी गंभीर समस्या के मामले में चिकित्सा अधिकारियों , कर्मचारियों को सूचित किया कि वे उक्त उद्देश्य के लिए वहां तैनात हैं। इस संबंध में बीडीसी मजालता और नायब तहसीलदार के बीच विस्तृत चर्चा भी हुई। बीडीसी अध्यक्ष मजालता ने क्षेत्र में आवश्यक निवारक उपाय करने के लिए अपनी ओर से जहां भी आवश्यक हो, प्रशासन को पूर्ण समर्थन देने का आश्वासन दिया।