उधमपुर। शिक्षक की लंबित मांगों को लेकर जम्मू-कश्मीर टीचर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी का एक शिष्टमंडल प्रदेश अध्यक्ष विनोद शर्मा के नेतृत्व में स्कूल शिक्षा विभाग जम्मू के निदेशक रवि शंकर शर्मा से मिला। इस दौरान उन्होंने आरईटी शिक्षकों के लंबित पडे़ नियमितीकरण के मद्दे को उठाते हुए कार्यकाल पूरा कर चुके शिक्षकों को स्थाई करने की मांग की। साथ ही आरईटी योजना के तहत नियुक्त शिक्षकों के पक्ष में स्थानांतरण करने की गुहार लगाई है।
उन्होंने कहा कि ये शिक्षक पिछले 20 साल से अधिक समय से एक ही स्कूल में तैनात हैं। डिवीजन बेंच में माननीय उच्च न्यायालय ने 2017 में निर्णय दिया था कि आरईटी योजना के तहत नियुक्त शिक्षकों को अन्य जनरल लाइन शिक्षकों की तर्ज पर स्थानांतरित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने आरआरईटी के आपसी स्थानांतरण मामलों को प्रोजेक्ट करने के लिए सीईओ को जरूरी निर्देश जारी करने की भी अपील की। इसके अतिरिक्त उन्होंने शिक्षकों मास्टरों की डीपीसी करने, वेत विसंगतियों को दूर करने जैसे अन्य मुद्दों के समाधान का भी आग्रह किया। निदेशक ने मुद्दों का समाधान करने का आश्वासन दिया। शिष्टमंडल ने संयुक्त निदेशक शौकत अहमद और मुख्य लेखा अधिकारी महेश से भी मुलाकात की।