उधमपुर। लंबित मांगों के समर्थन में नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल वीरवार को 11वें दिन भी जारी रही। मगर महाशिवरात्रि पर्व के चलते नगर के मंदिरों के बाहर सफाई कर्मियों ने साफ-सफाई की।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष लक्की चीमा ने कहा कि लंबित मांगों को लेकर हड़ताल लगातार जारी है, लेकिन हर धार्मिक उत्सव पर वह धार्मिक स्थलों के बाहर साफ-सफाई करेंगे। यह हड़ताल मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी। क्योंकि पहले भी कई बार मांगों को लेकर प्रदर्शन किया गया है। लेकिन सरकार ने हर बार आश्वासन देकर टाल दिया है। इसलिए मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के कारण ही बार-बार प्रदर्शन करने पड़ रहे हैं। छह हजार रुपये में परिवार चलाना मुश्किल है। 15 साल से काम कर रहे कर्मियों को पक्का नहीं किया गया है।