किश्तवाड़। जिला प्रशासन किश्तवाड़ ने ''बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ'' योजना के तहत आठ से 18 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए तीन महीने के मार्शल आर्ट प्रशिक्षण कार्यक्रम की शनिवार को शुरुआत की।
इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र की लड़कियों में आत्मरक्षा, शारीरिक फिटनेस और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना है। इसका उद्घाटन जिला उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने किया। उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि लड़कियों को मार्शल आर्ट प्रशिक्षण चार स्थानों हिड्याल, हट्टा, कुलीद और सरकारी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल किश्तवाड़ में दिया जाएगा। प्रशिक्षण सत्र किश्तवाड़ मार्शल आर्ट अकादमी की ओर आयोजित किया जा रहा है।
इसमें विशेषज्ञ लड़कियों का मार्गदर्शन करेंगे। इसके अतिरिक्त जिला प्रशासन ने सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालिकाओं को आवश्यक शैक्षिक संसाधन उपलब्ध कराए हैं, जिसमें 10 कंप्यूटर, वेंडिंग मशीन, आरओ सिस्टम के साथ वाटर कूलर शामिल हैं। लड़कियों को स्कूल बैग भी वितरित किए गए हैं। इस मौके पर एडीसी पवन कोतवाल, डीएसडब्ल्यूओ जुबैर अहमद, टीएसडब्ल्यूओ राजेश कुमार शर्मा आदि मौजूद रहे।