किश्तवाड़। एसएसपी शफकत हुसैन भट्ट ने बुधवार को दच्छन का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान पुलिस स्टेशन, पुलिस पिकेट, धार्मिक गार्ड और एसओजी शिविरों के सुरक्षा परिदृश्य की भी जानकारी ली। वहीं, बाद में सौंदर क्षेत्र में पुलिस सामुदायिक समूह की बैठक में हिस्सा लिया।
इसमें प्रतिभागियों ने विभिन्न मुद्दों को उठाया और एसएसपी ने प्राथमिकता से हल करने का आश्वासन दिया। बैठक में उन्होंने नशाखोरी से बचने की सलाह दी।
बाद में उन्होंने हुद्ध माता यात्रा के सदस्यों से मुलाकात कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके अलावा डंगडीरू-लोपारा सड़क के निर्माण में लगी संबंधित सड़क निर्माण एजेंसी को भी चल रहे सड़क कार्य को तेजी से पूरा करने की सलाह दी। वापसी पर एसएसपी ने रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न पुलिस पिकेट, धार्मिक गार्ड और एसओजी कैंप का निरीक्षण किया और जनशक्ति को उनके कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी, ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे।