तहसील रामनगर के चनूनता में पैराग्लाइडिंग की उड़ान भरते पैराग्लाइडर विकास दुबे।
- फोटो : तहसील रामनगर के चनूनता में पैराग्लाइडिंग की उड़ान भरते पैराग्लाइडर विकास दुबे।
उधमपुर। जिला उधमपुर के तहसील रामनगर के चनूनता की पहाड़ियाें से भी अब पैराग्लाइडिंग की संभावना नजर आई है।
उधमपुर के स्थानीय पैराग्लाइडर विकास दुबे ने अपने बेटे अंकित शर्मा के साथ शुक्रवार को यहां से अपनी सफल ट्रायल उड़ान भरी है। उनके मुताबिक जिले में पैराग्लाइडिंग के लिए पंचैरी, घोरडी के मराह्डा माता के बाद अब चनूनता की पहाड़ी काफी उपयुक्त स्थान नजर आया है। यहां का पर्यावरण पैराग्लाइडिंग के अनुकूल है। अगर प्रशासन और सरकार यहां पैराग्लाइडिंग को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करे तो यह क्षेत्र इस साहसिक खेल के शौकीनों के लिए एक बेहतरीन जगह के रूप में उभर सकता है। चनूनता में इससे पहले भी पांच से छह बार इसका ट्रायल कर चुके हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में पंचैरी, चिनैनी के लद्दा धार आदि जगहों में पैराग्लाइडिंग का काफी ज्यादा स्कोप है। सरकार को इसे बढ़ावा देने को लेकर योजना बनानी चाहिए।
वहीं तहसील रामनगर में पैराग्लाइडिंग की संभावनाओं पर विधायक सुनील भारद्वाज ने कहा कि पैराग्लाइडिंग टीम का यह प्रयास काफी सराहनीय है। चनूनता उनका पैतृक गांव है। पाडका से इन्होंने टेक ऑफ किया और चनूनता में सफल लैंड किया। उन्होंने कहा कि चनूनता के अलावा मराह्डा माता और आरसी पीक में भी इस खेल की काफी ज्यादा संभावनाएं हैं। हमारा प्रयास रहेगा कि इस तरह के साहसिक खेल को बढ़ावा दिया जाए ताकि रामनगर में पर्यटन को इस तरफ लाया जाए।
उन्होंने इसे क्षेत्र की तरक्की के लिए अच्छा संकेत बताया। कहा कि अगर यहां पैराग्लाइडिंग को बढ़ावा मिलता है तो इससे न सिर्फ यहां पर्यटक आएंगे, बल्कि यहां के स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।