किश्तवाड़। जिले में सांसद खेल स्पर्धा 2025 का उद्घाटन उपायुक्त राजेश कुमार शवन ने किया। इसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
यह कार्यक्रम जिला प्रशासन की ओर से जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के सहयोग से बीते 11 फरवरी से पाडर में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियाेगिता आठ मार्च तक चलेगी। इस आयोजन में वॉलीबॉल, कबड्डी, क्रिकेट, बैडमिंटन, खो-खो, फुटबॉल, टेबल टेनिस, शतरंज और कैरम सहित विविध प्रकार के खेल शामिल हैं। पहले दिन शतरंज और कैरम, ओपन श्रेणी की प्रतियोगिताएं बीवीएम आयोजित की गईं। ट्रैक स्पर्धाओं में रिले दौड़ के साथ-साथ 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर और 800 मीटर दौड़ शामिल हैं। इसके अलावा, लंबी कूद, ऊंची कूद, गोला फेंक और डिस्कस थ्रो जैसी स्पर्धाओं में एथलेटिक कौशल का प्रदर्शन किया गया है। खेल गतिविधियों का आयोजन खेल अधिकारी जाफर हैदर शेख के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। सांसद खेल स्पर्धा 2025 का उद्देश्य जमीनी स्तर की खेल प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें बढ़ावा देना है। यह युवा एथलीटों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए मंच प्रदान करता है। इस तरह के आयोजन खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं के बीच फिटनेस, टीम वर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।