रियासी। जनरल जोरावर सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी विंटर प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में वीरवार को हुए पहले सेमीफाइनल में हिल व्यू राजोरी ने बीसीसी चंद्रकोट को छह विकेट से हरा कर फाइनल में प्रवेश किया।
चंद्रकोट की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन राजोरी की टीम के गेंदबाजों की बेहतरीन गेंदबाजी के आगे पूरी टीम 19.2 ओवर में 124 रन ही बना सकी। बल्लेबाज आदिल वाणी ने 34, अमीर लेफ्टी ने 21, नदीम डार ने 14 व ओमेस इटू ने 21 रन बनाए। राजोरी के गेंदबाज इश्तियाक रसूल, प्रदीप पराशर व उमर लेफ्टी ने तीन तीन विकेट लिए। वहीं रजत शर्मा को एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए राजोरी की टीम को इश्तियाक रसूल ने तेज शुरुआत दी और आठ गेंदों पर पांच चौकों की मदद से 21 रन बना दिए। बाद में बल्लेबाज दीक्षांत कुंडल ने 35 व अर्जुन ने नाबाद 37 रनों की तेज पारियां खेलीं। वहीं गौरव चौधरी ने भी 17 रन बनाए। राजोरी की टीम ने मैच को पारी के 12.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 126 रन बना कर जीत लिया। इश्तियाक रसूल को आल राउंड प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच दिया गया। उनमें चले जाने पर राजोरी के कप्तान पुनीत कुमार ने आयोजकों से पुरस्कार प्राप्त किया। चंद्रकोट के गेंदबाज नासिर गनई ने दो, जबकि नदीम डार व नासिर रसूल ने एक एक विकेट लिया।