संवाद न्यूज एजेंसी
चिनैनी । युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से जोन चिनैनी में जारी जोनल स्तरीय अंतर स्कूल प्रतियोगिताओं के तीसरे दिन भी खेल मुकाबले जारी रहे। अंडर-14 और अंडर-17 लड़कों के लिए खो-खो, वॉलीबॉल और योग के मुकाबले करवाए गए।
क्षेत्रीय शारीरिक शिक्षा अधिकारी चिनैनी ज्योति रानी ने प्रतिभागियों और अधिकारियों को क्षेत्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं और छात्रों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाने और समाज में एक स्वस्थ माहौल बनाने के लिए सच्ची खेल भावना के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया। चिनैनी जोन के 25 संस्थानों से अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग के कुल 444 लड़कों ने सभी स्पर्धाओं में भाग लिया।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए क्षेत्रीय स्तर की टीमों का चयन करने के लिए ये स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। अअनिल वर्मा पीईएम प्रतियोगिताओं के संचालन के लिए समग्र प्रभारी हैं। वही योग अंडर-14 में मनीश, रचित सिंह, दानिश अहमद, वंश कुमार और आर्यन सिंह को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया, वही अंडर-17 वर्ष योगा में अर्जुन सिंह, रणबीर सिंह जमवाल, अंकुश, अनीश कुमार और अनीश कुमार को जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना गया।
उधर खो-खो अंडर-14 वर्ष के फाइनल में एचएसएस सयुना ने सरकारी जीएमएस धरमथल को हराया, तो वही खो-खो अंडर-17 के फाइनल मुकाबले में एचएसएस सयुना ने सरकारी एचएसएस चिनैनी को हराया । उधर वॉलीबॉल अंडर-14 में एचएसएस धनास ने किथर चिरडी को हराया और वॉलीबॉल अंडर-17 में एचएसएस बप्प ने सरकारी एचएसएस चिनैनी को हराया ।