-धर्मनगरी के श्रीधर चौक पर जनता दुर्गा समिति कटड़ा ने करवाया आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। नवरात्र के अवसर पर सोमवार रात धर्मनगरी के श्रीधर चौक पर जनता दुर्गा समिति कटड़ा ने जागरण करवाया। मां दुर्गा के जयकारों से पूरा चौक देर रात तक गूंजता रहा। श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।
उधमपुर के भजन गायक सुरेश कुमार ने मधुर आवाज से मां के भजनों की अमृतधारा बहाई। उन्होंने रातभर एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तों को भावविभोर कर दिया। उनके साथ स्थानीय भजन मंडलियों ने भी प्रस्तुति दी। श्रद्धालु रातभर मां के दरबार में झूमते, नाचते और ताली बजाकर भक्ति का वातावरण बनाते रहे। इस बार चूंकि शारदीय नवरात्र महोत्सव का आयोजन नहीं हुआ इसलिए जनता दुर्गा समिति ने इस बार जागरण कराने का निर्णय लिया। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि मां की भक्ति और श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए जागरण का आयोजन किया गया।
जागरण स्थल को रंग-बिरंगी लाइटों और मां दुर्गा की आकर्षक झांकी से सजाया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रातभर भजन सुनते रहे। महिलाओं ने मां के भजनों पर नृत्य किया। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और जलपान की भी व्यवस्था की गई थी।