कस्बे में जाम की ऐसी स्थिति, बाराती और मरीज फंसे रहे देर तक
चिनैनी: चिनैनी कस्बे में जाम हर रोज बेलगाम हो रहा है, जाम में आम यात्री घंटों तक परेशान हो रहा है, जिन्हें जाम से निकलने के बाद राहत मिल रही है । सोमवार को भी कस्बे में जाम की स्थिति ऐसी बनी कि जाम में आम यात्री तो देर तक फंसा रहा इस दौरान बाराती और मरीज भी जाम में फंसे होने के कारण परेशान दिखे । स्थानीय लोगों ने कहा कि प्रशासन को कस्बे में पार्किंग की वीजा जल्द से जल्द देनी चाहिए, जिससे सड़क किनारे लगने वाले वाहनों के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो । स्थानीय निवासी राजेश कुमार, गिरधारी लाल, सुदेश चंद्र ने बताया कि सोमवार की दोपहर जाम की लंबी-लंबी लाइनें लग गई । इस मार्ग पर भारी वाहनों के उतरते ही जाम की समस्या उत्पन्न हो जाती है और ऐसे में जाम से निकलने के लिए आम जनता को भी घंटों लग जाते हैं । यात्रियों को 1 किलोमीटर का सफर करने के लिए भी घंटों का वक्त लग जाता है ऐसे में कई यात्री जो जरूरी कार्य के लिए जा रहे होते हैं वह बीच रास्ते से ही वापस लौट जाते हैं । लोगों ने प्रशासन से मांग उठाई है कि कस्बे में जाम की समस्या से निपटने के लिए पार्किंग की पर्याप्त सुविधा उपलब्ध करवाई जाए ताकि लोगों को जाम के कारण परेशानी का सामना न करना पड़े ।