चिनैनी। क्षेत्र में एक बार फिर से मौसम के मिजाज में बदलाव आ गया है, जिससे ठिठुरन बढ़ गई है। इस दाैरान लोगों ने दिनभर ठंड से बचने के लिए अलाव का भी सहारा लिया। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नत्थाटॉप में हिमपात जारी था, जबकि पटनीटॉप में बारिश हो रही थी। इस बीच सैलानियों ने ताजा हिमपात में खूब मस्ती की। वीरवार को चिनैनी की पहाड़ियों पर हिमपात और मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जिससे ठंड बढ़ गई है। इस कारण ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार आए लोगों ने जल्दी घरों की ओर रुख करना शुरू कर दियाा। नत्थाटॉप में लगातार हिमपात हो रहा था, जबकि जुगधार, शिवगढ़ धार, सियोजधार, देराटाॅप और लद्दाधार में भी हिमपात होने से दिनभर बर्फीली हवाएं चल रही थीं। क्षेत्र में एक बार फिर ठंड बढ़ने से लोगों ने दिनभर अलाव का इस्तेमाल किया। वहीं दूसरी ओर नत्थाटाॅप की वादियों में पहुंचे सैलानियों को ताजा हिमपात देखने का मौका मिला और उन्होंने इन यादगार पलों के बीच खूब मौज मस्ती भी की। उधर, पटनीटाप में बारिश जारी थी, जिससे वहां के तापमान में भी गिरावट आ गई थी।