उधमपुर। कोरोना संक्रमण के मामलों में मंगलवार को थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। शाम तक कुल छह लोग कोरोना संक्रमित पाए, जबकि आठ लोग महामारी को मात देने में कामयाब रहे हैं। करीब तीन महीने के बाद जिले में कोरोना संक्रमण सक्रिय मामले 50 से कम हुए हैं।
कोरोना के मामलों में कभी कमी आ रही है तो कभी थोड़ी बढ़ोतरी हो रही है। कोरोना को मात देने वाले लोगों की संख्या में हर रोज बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को जिले में केवल एक व्यक्ति चिनैनी के अंदर संक्रमित पाया गया था। मंगलवार को इनकी संख्या में थोड़ी बढ़ोतरी हुईं और शाम तक कुल छह लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इनमें एक टिकरी, चार रामनगर और एक शहर के अंदर संक्रमित पाया गया है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में कोरोना संक्रमण के कुल मामले 11241 हो गए हैं। इनमें से 11060 लोग कोरोना को मात देने में कामयाब रहे हैं। 132 की संक्रमण से मौत हो चुकी है। जिले में अब 49 सक्रिय मामले बचे हैं।