उधमपुर: सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिर में पूजा अर्चना करते हुए लोग.
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। श्रावण के पहले सोमवार को देविकानगरी के शिव मंदिरों में सुबह व शाम पूजन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। दिन भर शहर का वातावरण शिवमय रहा। शाम को मंदिरों में भगवान शिव के भजन सुनाई दे रहे थे। लोगों ने श्रावण के पहले सोमवार का व्रत भी रखा।
देविका तट पर स्थित आप शंभू शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लग चुकी थी। सबसे पहले श्रद्धालुओं ने देविका स्थित बावलियों में स्नान किया, और भगवान शिव के दर्शन करने के लिए मंदिर के बाहर लगी कतार में लग गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बारी बारी से मंदिर में भगवान शिव की पूजा की, और अपने परिवार की सुख समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
सुबह करीब 10 बजे तक भक्तों का मंदिर में पहुंचना लगा रहा। जो श्रद्धालु सुबह मंदिर में पूजन नहीं कर सके, वे शाम को मंदिर पहुंचे। शाम को भी मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ नजर आई। देविका के अलावा जिब स्थित शिव मंदिर में भी सुबह व शाम को काफी संख्या में श्रद्धालु पूजा करने पहुंचे। इसके साथ बाबा लाल दयाल मंदिर में मौजूद शिवलिंग पर भी लोगों ने जल चढ़ाकर पूजन किया।
मंदिरों में पूजन करने पहुंचे श्रद्धालुओं को श्रावण के सोमवार की जानकारी देते हुए पुजारियों ने बताया कि श्रावण के पहले सोमवार को भगवान शिव का पूजन बहुत महत्व रखता है। इस दिन भगवान शिव का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है। सनातन परंपरा में श्रावण के सोमवार का व्रत भगवान शिव के आशीर्वाद और मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए रख जाता है। भगवान शिव के इस पावन व्रत के दिन उनकी पूजा रुद्राभिषेक, जप, तप करने से साधक के सभी कष्ट दूर होते हैं, और उसे सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। इस पूरे श्रावण माह में चार सोमवार आएंगे। ऐसी मान्यता है कि श्रावण में शिव उपासना से भगवान शिव जल्दी प्रसन्न होते हैं।