- जल शक्ति विभाग से की मांग, रोजाना पानी का टैंकर भेजने की व्यवस्था की जाए
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। कस्बे के मुख्य बाजार में पानी की किल्लत के कारण कारोबारी तथा खरीदारी के लिए आने वाले लागों को परेशानी का साम करना पड़ रहा है। समस्या के निदान के लिए व्यापारियों ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से मुख्य बाजार में पानी का टैंक भेजने की मांग की है।
स्थानीय दुकानदार विकास गुप्ता, शंकु खारका, जगदीश चंद्र, कुलदीप खारका, वरुण गुप्ता आदि ने बताया जल शक्ति विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति हर दूसरे से तीसरे दिन दी जा रही है। इस कारण पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों को पानी के लिए हैंडपंप तथा प्राकृतिक जल स्रोतों का रुख करना पड़ रहा है। हालांकि मुख्य बाजार में पानी की सिर्फ एक ही टंकी बनी हुई है। सभी लोग मुख्य तौर पर इसी टंकी पर निर्भर हैं।
दुकानदारों ने कहा कि जितने दिन जल शक्ति विभाग पानी की आपूर्ति को सुचारु नहीं बना लेता, तब तक पानी क टैंकर नियमित रूप से भेजने का प्रबंध करे ताकि दुकानदारों को परेशान न होना पड़ा। उन्होंने कहा कि अफसोस की बात है कि विभाग पानी की समस्या का समाधान करने में सफल नहीं हो पा रहा।
व्यापारियों ने कहा कि गर्मी के मौसम में बाजारों खरीदारी के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग भी अपनी प्यास बुझाने के लिए इधर-उधर देखते हैं। पानी की किल्लत के कारण वे भी परेशान हैं। व्यापारियों ने जल शक्ति विभाग से रोजाना पानी का टैंकर भेजने की मांग की है अन्यथा प्रतिदिन पानी की आपूर्ति बाजारों में सुचारु बनाने को कहा है।