-छह महीने से आधा किलोमीटर पैदल चलकर पानी ढ़ोते हैं ग्रामीण
-डेढ हजार आबादी है प्रभावित, छह महीने से बनी हुई है समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। ब्लाॅक उधमपुर की पंचायत संसू के मगैनी गांव में पानी की किल्लत से ग्रामीण काफी परेशान हैं। लोगों का कहना है कि सप्ताह में एकाध बार पानी की सप्लाई मिल रही है। जिस कारण घर में पीने के लिए भी पानी पूरा नहीं हो रहा है। मजबूरी में आधा किलोमीटर दूर प्राकृतिक जलाशय से पानी ढोकर पी रहे हैं।
लगभग छह महीने से समस्या गंभीर बनी हुई है और इससे गांव की लगभग डेढ़ हजार आबादी प्रभावित हो रही है। अगर यही हालात बने रहे तो आगे गर्मी में पानी की किल्लत से यहां हाहाकार की स्थिति पैदा हो जाएगी।
पानी की किल्लत गंभीर हो चुकी है
गर्मी की शुरूआत से पहले ही इलाके में पानी की किल्लत गंभीर हो चुकी है। कई बार विभाग को इस समस्या से अवगत कराया है लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकाला गया है। इसलिए पेयजल सप्लाई को लेकर यही हालात बने रहे तो आगे गर्मी में लोगों का जीना मुहाल हो जाएगा।
रमेश कुमार, स्थानीय निवासी
-
समस्या का समाधान कर राहत दिलाई जाए
छह महीनों से पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। सप्ताह में एकाध बार पानी की सप्लाई होने से पीने के लिए भी पानी पूरा नहीं हो रहा है। जल जीवन मिशन (जेजेएम) योजना का भी कोई लाभ अभी तक नहीं मिल पाया है। प्रशासन से अपील है कि जल्द समस्या का समाधान कर राहत दिलाई जाए।
-फरचंद अली, स्थानीय निवासी
जरूरी काम बुरी तरह से प्रभावित हो रहे
पानी की सप्लाई नहीं मिलने से दिनचर्या के जरूरी काम बुरी तरह से प्रभावित हो रहे हैं। काफी समय आधा किलोमीटर दूर से पीने का पानी ढोने में ही व्यर्थ हो जाता है। कपड़े धोने, मवेशियों को पिलाने व अन्य जरूरतों के लिए पानी का प्रबंध करना कठिन हो गया है। प्रशासन जल्द समस्या से राहत दिलाए।
-
नसीब चंद,
स्थानीय निवासी
छह माह से झेल रहे हैं परेशानी
पंचायत में जेजेएम योजना का काम चलते भी लगभग तीन साल का समय हो गया है लेकिन इसके बाद भी आज तक गांव में पानी की किल्लत को दूर नहीं किया गया है। बीते छह महीने से पेयजल आपूर्ति ठीक से नहीं मिल पाने से हालात काफी गंभीर हो चले हैं। इसलिए जल शक्ति विभाग और प्रशासन से अपील है कि जल्द समस्या का समाधान कर राहत दिलाए
पवन देव सिंह, स्थानीय निवासी
कोट...
कोटली पेन जेजेएम योजना का ऑल ओवर काम लगभग 80 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। अगले करीब दो महीने तक शेष बचे काम को भी पूरा कर लिया जाएगा और इसके बाद पानी की सप्लाई नियमित हो जाएगी। इस बात की पूरी संभावना है कि गर्मी के पीक सीजन से पहले गांव में पानी की समस्या का पूरी तरह से समाधान हो जाएगा।
-
जेई मोहित, जल शक्ति विभाग