कटड़ा। जिला प्रशासन की ओर से शुक्रवार शाम को धर्मनगरी के लिए जारी किए गए नए आदेश से दुकानदारों को काफी राहत मिली है। आदेश के अनुसार अब नगरपालिका में आने वाली माला-चूड़ी, दुकान, किराना, जनरल स्टोर, शॉल एंपोरियम, सुनार, नाई और कपड़े की दुकानों को शनिवार व रविवार को सुबह नौ से रात नौ बजे तक खोलने की अनुमति दी है।
गत सप्ताह जारी किए गए आदेशानुसार नपा के अंतर्गत आने वाले ढाबा, रेस्त्रां, खाने-पीने की दुकानें और ड्राई फ्रूट्स की दुकानें रोजाना सुबह 9 से देर रात 11 बजे तक खुलनी थीं। मगर अन्य दुकानों को सप्ताह में 5 दिन ही खोलने की अनुमति थी। सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 से रात्रि 9 बजे तक खोलने की इजाजत दी थी। दो दिन वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया था, जिस कारण दुकानदारों में रोष था। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने वीकेंड लॉकडाउन समाप्त कर दिया है, जिसके बाद दुकानदारों ने राहत की सांस ली है। एसडीएम का अतिरिक्त प्रभार संभाले अधिकारी प्रीति शर्मा ने बताया कि ढाबा, रेस्तरां, खाने पीने की और ड्राई फ्रूट की दुकानों के अलावा जिन दुकानों के लिए लॉक डाउन लगाया गया था उसे वापस ले लिया है। अब सुबह नौ से रात्रि नौ बजे तक अन्य दुकानें रोजाना खुली रहेंगी।