संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। दुकानदारों की चार दिन की छुटि्टयां खत्म होने के बाद मंगलवार को शहर के बाजार पूरी तरह से खुल गए। दुकानों के खुलने के साथ ही बाजारों में ग्राहकों की रौनक भी लौट आई है। मंगलवार को सुबह से लेकर शाम तक सभी बाजार गुलजार रहे।
बाजार खुलने के पहले दिन ही कारोबार अच्छा होने से व्यापारी भी खुश नजर आए। स्थानीय दुकानदार बिल्लू शाह, सोमराज अत्री, विशाल कुमार, भरत वर्मा व अन्य ने बताया कि सालभर लगातार काम करने के बाद कामकाज की चिंता से मुक्त होकर गर्मी की छुटि्टयां का आनंद लेने का मौका मिला था, जिसका भरपूर लाभ उठाया। दिमाग भी तरोताजा हो गया है। पहले दिन ग्राहकों की भी अच्छी संख्या रही। कारोबार भी अच्छा हुआ है।
उल्लेखनीय है कि व्यापार मंडल की तरफ से 20 से 23 जून तक बाजारों में गर्मी की छुटि्टयां घोषित की गईं थी जिसके चलते जरूरी सेवाओं को छोड़कर अन्य सभी दुकानें चार दिन के लिए बंद रखी गई थीे। सभी दुकानदार परिवारों के साथ छुटि्टयों का आनंद लेने के लिए पहाड़ी इलाकों में रवाना हो गए थे।
चार दिन छुटि्टयां मनाने के बाद मंगलवार को दुकान पर लौटे दुकानदारों ने सबसे पहले दुकानों की अच्छे से साफ-सफाई करवाई और फिर पूजा पाठ के बाद ईश्वर का आशीर्वाद लेकर अपना कामकाज शुरू किया।
-
कोट...
पहली बार व्यापार मंडल के बैनर तले एक साथ सभी ट्रेडर्स की तरफ से गर्मी की छुट्टियां करने का निर्णय किया गया था। सभी ने इस फैसले को माना और अपने कामकाज को बंद रखकर छुटि्टयों का आंनद लिया। कारोबारियों की दुकानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस-प्रशासन का बढि़या सहयोग मिला। हम चिंता मुक्त होकर छुट्टियों को इंजाय कर पाए। इसके उधमपुर के व्यापारियों की आपसी एकता और जनता के साथ उनके तालमेल का एक बढि़या उदाहरण है।
-जितेंद्र बरमानी, अध्यक्ष, व्यापार मंडल उधमपुर