उधमपुर। जिला प्रशासन और नगर पालिका की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी है। वीरवार को डीसी इंदु कंवल चिब ने सलाथिया चौक से लेकर जखैनी चौक तक और धार रोड का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, दुकानदारों से स्वयं अतिक्रमण हटाने की अपील की। इसके अलावा जल्द स्थिति नहीं सुधरने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
इस दौरान नगर परिषद के चेयरमैन डॉ. जोगेश्वर गुप्ता और स्थानीय पार्षद भी मौजूद रहे। सुबह साढे़ ग्यारह के बजे डीसी ने दल के साथ पैदल दोमेल चौक पर धार रोड पर हुए अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वह वाहन से जखैनी चौक पहुंची, जहां चौड़ीकरण कार्य का निरीक्षण किया। वहीं, दुकानदारों से बात कर सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने दोमेल चौक से होते हुए सलाथिया चौक तक धार रोड की स्थिति का जायजा लिया।
डेढ़ घंटे के इस दौरे के दौरान उन्होंने दुकानदारों से अतिक्रमण हटाने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाना प्राथमिकता है। फिलहाल उन्होंने धार रोड क्षेत्र का जायजा लिया है। अगली बार अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद वह नहीं माने तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सभी दुकानदारों से अपील है कि कोई भी रोड के किनारे किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।
गौरतलब है कि सुभाष चौक से सलाथिया चौक तक धार रोड के हिस्से को 2010 में बीआरओ ने डबल लेन किया था। इससे पहले यह लिंक रोड था। शहरवासियों को लगा था कि इसके डबल लेन बनने के बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से चलेगी, लेकिन इसके चौड़ा होते ही दोनों तरफ अवैध पार्किंग स्थल बन गए। मौजूदा समय में इसके दोनों किनारों पर काफी हद तक अतिक्रमण किया गया है। चौड़ीकरण के बाद भी यह रोड संकरा नजर आता है।