उधमपुर। शहर के बस अड्डा और गोल मार्केट स्थित नगर परिषद की दुकानों के किराए बढ़ाने का नोटिस जारी करने के विरोध में शनिवार को व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के नेतृत्व में दुकानदारों ने रोष जताया। इसके बाद परिषद के सीईओ से मुलाकात की। दुकानदारों का कहना था कि कोर्ट के आदेश के अनुसार हर तीन वर्ष बाद 10 प्रतिशत किराए में बढ़ोतरी की जानी है, पर परिषद करार से बाहर जाकर बढ़ोतरी कर रहा है। आदेश वापस नहीं लिया तो मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ेगा।व्यापार मंडल के प्रधान जितेंद्र वरमानी और चेयरमैन विक्रम सिंह सलाथिया के नेतृत्व में बस अड्डा और गोल मार्केट के दुकानदार सीईओ दिलीप अबरोल के कार्यालय में दोपहर करीब एक बजे पहुंचे। दुकानदारों ने बताया कि 7 वर्ष पहले नगर परिषद ने अपनी मर्जी से किराए में बढ़ोतरी करने का आदेश जारी किया था। मामला कोर्ट में पहुंचा तो कोर्ट ने आदेश जारी किया था कि हर तीन वर्ष बाद किराए में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। इसी तरह से नगर परिषद को किराया वसूल करना होगा, लेकिन आदेश को नजर अंदाज कर परिषद ने गोल मार्केट और बस अड्डा के दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिया है। इसमें कहा है कि दुकानदार दुकानों के रजिस्ट्रेशन के कागजात परिषद कार्यालय लाएं। इसके बाद परिषद दुकानों के किराए को लेकर निर्णय लेगा। परिषद आदेश को तुरंत वापस ले। दुकानदार केवल करार के अनुसार तीन वर्ष बाद बढ़ाेतरी के तहत किराया देंगे। परिषद ने फिर भी मनमानि कर किराया वसूलने का प्रयास किया तो बाजार बंद कर विरोध करेंगे।
उधर, नगर परिषद के सीईओ दिलीप अबरोल ने कहा कि वह मामले को लेकर जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा करेंगे। कुछ दिन बाद दुकानदारों के साथ बैठक कर हल निकालने का प्रयास करेंगे। इस मौके पर सुनील गुड्डा, नवीन कुमार, जोगिंद्र वर्मा व अन्य दुकानदार मौजूद थे।