रामनगर। नगर पालिका रामनगर ने दुकानों की खरीद का लंबित बकाया जमा न कराने पर मुख्य बाजार की दो दुकानों पर कारवाई की है। इनमें एक दुकान को सील कर दिया गया है जबकि दूसरे दुकानदार ने मौके पर अपना बकाया जमा करवाकर अपनी दुकान को सील होने से बचा लिया।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह 10 बजे ईओ शशिकांत ने मुख्य बाजार में पहुंचकर नगर पालिका की तरफ से बनाई गई दो दुकानों को सील करने की कारवाई शुरू की। ईओ शशिकांत ने बताया कि यह दोनों दुकानें नगर पालिका की तरफ से तैयार करवाई गई थीं। इनमें से एक को साल 2012 को अश्वनी कुमारी ने 4,60,000 रुपए में खरीदा था जबकि दुसरी को साल 2016 में मोहिंदर लाल ने खरीदा था। अश्वनी कुमारी ने 4,60,000 की लागत से दुकान खरीदी लेकिन उसका 50 हजार रुपए बकाया रह गया था जो उसने 11 वर्ष बीत जाने के बाद भी विभाग के पास जमा नहीं करवाया था। वहीं, दूसरी और दुकानदार मोहिंदर लाल ने 11 लाख 16 हजार में दुकान खरीदी थी और उसकी कुल राशि का 3 लाख 21 हजार रुपया बकाया रह गया था, जिसे उसने 7 वर्ष बीत जाने के बाद नहीं चुकाया है।
वहीं, इनमें से एक दुकानदार अश्वनी कुमार ने मौके पर ही अपनी दुकान का पूरा 50 हजार बकाया नगर पालिका के पास जमा करवा दिया। इसके बाद उसे दुकान की चाबी लौटा दी गई। दूसरे दुकानदार मोहिंदर लाल द्वारा बकाया नहीं देने पर उसकी दुकान को सील कर दिया गया।
ईओ शशिकांत ने अन्य दुकानदारों को सख्त हिदायत दी कि रामनगर कस्बे में नगर पालिका की जितनी भी दुकानें हैं वह सभी जल्द से जल्द अपना बकाया समय पर जमा करवाएं और जिन दुकानदारों के पास एग्रीमेंट पेपर्स या अलॉटमेंट ऑर्डर नहीं है, वह सभी दुकानदार जल्द अपने दस्तावेज विभाग कार्यालय में जमा करवाएं, नहीं तो आने वाले दिनों में विभाग ठोस कदम उठा सकता है।