उधमपुर। अखण्ड परम धाम आश्रम ओमाला जखैनी में चल रही शिव महापुराण कथा शुक्रवार को 6वें दिन भी जारी रही। इसमें काफी संख्या में स्थानीय व आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
वहीं 6वें दिन की कथा में संत सुभाष शास्त्री महाराज ने संगत को समझाया कि हम सब सुख चाहते हैं, दु:ख किसी को भी पसंद नहीं है अर्थात दु:ख कोई नहीं चाहता। सुख-दु:ख का कारण क्या है। दु:ख कैसे मिटे और सुख कैसे मिले। सच्चा सुख किसमें है इत्यादि। वास्तव में सुख लेने की चीज नहीं, देने की चीज है। जितना हो सके दूसरों को सुख दो और स्वयं सुख की चाह ही छोड़ दो। हमें किसी से सुख लेना ही नहीं है, जो दूसरों को सुख देता है वह दु:खी हो ही नहीं सकता। दु:खी वही होता है जो स्वयं सुख चाहता है पर दूसरों को सुख नहीं देता। जिसने दूसरों को सुख देना सीख लिया। वहीं, उसने जीना सीख लिया।
उन्होंने कहा कि सुख-दु:ख तो आने और जाने वाले हैं। आत्मा-परमात्मा सदा रहने वाला है। आने-जाने वालों से संबंध कैसा। तू सदा रहने वाले में स्थित हो जा, परमानन्द की प्राप्ति होगी। उन्होंने बताया कि जीवन को सुखमय या दु:खमय नहीं साधनमय बनाओ। सुख और दु:ख दो हैं इनमें से यदि एक को वरण करना ही पड़ जाए तो दु:ख को वरण कर लें, सुख को नहीं, क्योंकि वरणी दु:ख है, सुख नहीं।