मौसम साफ होने पर रविवार से बहाली की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। लगातार जारी बारिश के कारण श्री शिवखोड़ी यात्रा शनिवार को भी पूरी तरह स्थगित रही। खराब मौसम और सुरक्षा कारणों से श्रद्धालुओं को आधार शिविर रनसू से गुफा की ओर जाने की अनुमति नहीं दी गई।
गौरतलब है कि मौसम विभाग द्वारा पहले 24 जुलाई तक खराब मौसम की संभावना जताई गई थी। इसके बाद श्रद्धालुओं को उम्मीद थी कि शनिवार को मौसम साफ होने पर यात्रा दोबारा शुरू हो जाएगी और वे बाबा शिवखोड़ी के दर्शन कर सकेंगे। हालांकि शनिवार को भी लगातार बारिश होने के कारण यात्रा बहाल नहीं हो सकी।
श्री शिवखोड़ी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि यदि रविवार को मौसम में सुधार होता है और परिस्थितियां अनुकूल रहती हैं, तो यात्रा को पुनः सुचारू रूप से शुरू करने का प्रयास किया जाएगा।
इधर, लगातार हो रही बारिश से शिवगंगा का जलस्तर भी बढ़ गया है। संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को शिवगंगा के किनारे जाने से सख्त मना किया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम सामान्य होने तक सावधानी बरतें तथा प्रशासन और श्राइन बोर्ड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।